भारत-फ्रांस ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष सहयोग के विस्तार की समीक्षा की
भारत-फ्रांस ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष सहयोग के विस्तार की समीक्षा की
भारत और फ्रांस ने आज विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के बढ़ते दायरे की समीक्षा की। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने फ्रांस के उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री प्रोफेसर फिलिप बैपटिस्ट के साथ वर्चुअल माध्यम से द्विपक्षीय बैठक की। डॉ. सिंह ने इस बात का उल्लेख किया कि विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत-फ्रांस की भागीदारी द्विपक्षीय संबंधों का एक मजबूत स्तंभ बन गई है। यह भागीदारी तकनीकी प्रगति और लोगों के बीच घनिष्ठ संबंध दोनों में योगदान दे रही है। डॉ. सिंह ने कहा कि 2026 को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष घोषित किए जाने से उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अवसर मिलता है। अंतरिक्ष सहयोग को लेकर डॉ. सिंह ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और राष्ट्रीय अंतरिक्ष अध्ययन केंद्र के बीच संयुक्त उपग्रह मिशनों सहित लंबे समय से चले आ रहे सहयोग का उल्लेख किया। डॉ. सिंह ने फ्रांस में भारतीय नक्षत्र के साथ नेविगेशन-नेविक ग्राउंड स्टेशन के विकास में सहयोग का जिक्र किया और भारत के गगनयान मिशन में फ्रांस के समर्थन को स्वीकार किया। डॉ. सिंह ने भारत के डीप ओशन मिशन और इसकी विस्तृत तटरेखा को महासागर से संबंधित साझेदारियों को आगे बढ़ाने में मुख्य शक्ति भी बताया।